अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। भरमौर चौक जीरो प्वाइंट से लेकर हरदासपुरा चौक तक वाहनों का दबाव बढ़ने से लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। रोजाना वाहन चालकों को यहां खासकर सुबह के समय एक-एक घंटा जाम में फंसना पड़ता है। सोमवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे भी ऐसा ही हुआ। यहां करीब डेढ़ घटें तक जाम लगा रहा। इस वजह से सरकारी कार्यालयों के लिए जाने वाले कर्मचारी और स्कूल, कॉलेजों के छात्र समय पर नहीं पहुंच पाए। लोगों के अनुसार जुलाहकड़ी बाजार के समीप सड़क तंग होने के कारण यहां अकसर जाम लगा रहता है। इसके साथ ही बालू पुल से बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोकने से भी यहां पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ा है। अब न्यू बस स्टैंड से तीसा और साहो की ओर जाने वाली सभी बसों की आवाजाही भी हरदासपुरा चौक से हो रही है। ऐसे में यहां जाम की समस्या विकराल होती जा रही है। हालांकि पुलिस की ओर से यहां कर्मियों की तैनाती की गई है। मगर वाहनों के बढ़ते दबाव के चलते यहां घंटों जाम लगा रहता है। वाहन चालक रमेश कुमार, सुरेंद्र सिंह, बलदेव सिंह, योगराज, रवि कुमार, काका राम, रंजीत कुमार, जीवन सिंह, दौलत राम, कमल कुमार, नरेंद्र कुमार, विनोद कुमार, रणवीर सिंह और सुरेश कुमार ने बताया कि यहां रोजाना जाम लगता है। इसके चलते उन्हें दिक्कतें पेश आ रही है। उन्होंने बताया कि बालू पुल से वाहनों की आवाजाही पर रोक लगने के बाद मार्ग पर वाहनों की संख्या बढ़ गई है। कुल मिलाकर जाम की समस्या इन दिनों वाहन चालकों और यात्रियों का खूब इम्तिहान ले रही है।