मणिमहेश डल झील में राधा अष्टमी स्नान पूरा होते ही प्रशासन ने दानपात्रों की गिनती शुरू कर दी है। डल झील पर स्थित चतुर्मुखी शिवलिंग के पास स्थापित ट्रस्ट के दानपात्र में इस बार 6 लाख 54 हजार रुपये का चढ़ावा चढ़ा है। इस चढ़ावे को पांच हिस्सों में बांटा जाएगा। इसमें से 50 प्रतिशत हिस्सा मणिमहेश ट्रस्ट का होगा, जबकि बाकी 50 प्रतिशत संचुई के चेले, हड़सर के पुजारी, चरपट नाथ और दशनाम अखाड़ा में बांटा जाएगा। प्रशासन ने यात्रा पूरी होते ही डल झील पर चढ़ावे की गिनती का ऐलान किया था। शुक्रवार को तहसीलदार की निगरानी में चढ़ावे की गिनती शुरू हुई। प्रशासन ने इस बार डल झील में अलग से ट्रस्ट के दानपात्र भी स्थापित किए थे। इनमें साढ़े तीन लाख का चढ़ावा अर्जित हुआ है। इन दानपात्रों में से किसी को हिस्सा नहीं दिया जाएगा। ट्रस्ट के दानपात्रों में जमा हुई पूरी धनराशि पर ट्रस्ट का ही अधिकार है। एडीएम भरमौर विनय धीमान ने चढ़ावे की गिनती पूरी होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस की कड़ी निगरानी में यह गिनती की गई है। चढ़ावे की गिनती के दौरान कैमरों का भी प्रबंध किया गया था। छह लाख 54 हजार के चढ़ावे को पांच हिस्सेदारों में बांटा जाएगा। जबकि अन्य दानपात्र से जुटाया गया करीब साढ़े तीन लाख रुपये का चढ़ावा सीधे ट्रस्ट के खाते में जाएगा।