चंबा। जिले के 52 हजार नौनिहाल पल्स पोलियो अभियान के तहत दो बूंद जिंदगी की गटकेंगे। पल्स पोलियो अभियान को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से अपने स्तर पर समस्त तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिलेभर में 52 बूथों की स्थापना कर नौनिहालों को दो पल्स पोलियो ड्रॉप्स पिलाई जाएंगी। इसके तहत बाकायदा स्वास्थ्य विभाग की ओर से हेल्थ वर्करों, आशा वर्करों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण प्रदान करवा दिया गया है। अब 29 फरवरी को उपायुक्त चंबा की अध्यक्षता में जिलास्तरीय टास्क फोर्स टीमों में शामिल अधिकारियों की कार्यशाला आयोजित होगी।
गौरतलब है कि पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अपने स्तर पर प्रयास शुरू कर दिए हैं। विभाग का लक्ष्य है कि 0 से लेकर 5 वर्ष तक का नौनिहाल पल्स पोलियो अभियान से अछूता न रहे। इसके लिए बाकायदा विभाग की ओर से 542 बूथ स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक बूथ पर चार स्वास्थ्य कर्मी तैनात रहेंगे। कुल मिला कर 542 बूथों पर 1,300 के करीब कर्मी तैनात रहेंगे। जिला मुख्यालय चंबा में बुधवार को पल्स पोलियो ड्राॅप्स पहुंचने की बात भी विभागीय अधिकारी कह रहे हैं। पोलियो ड्राॅप्स पहुंचने पर उसे आगे बूथों तक भेजने का क्रम आरंभ कर दिया जाएगा।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने बताया कि 542 बूथों पर 52,000 नौनिहालों को दो बूंद जिंदगी की पिलाई जाएगी। बुधवार को वैक्सीन पहुंच जाएगी जिसे आगे केंद्रों में भिजवाने का क्रम आरंभ होगा। बताया कि 29 फरवरी को उपायुक्त की अध्यक्षता में जिलास्तरीय अधिकारियों की कार्यशाला होगी।