चंबा। सूरज की रोशनी अब औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान चंबा को रोशन करने के साथ ही उसकी आमदनी का जरिया भी बनेगी। आईटीआई चंबा में 50 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित किया जाएगा। ऐसे में आईटीआई चंबा जिले का पहला संस्थान बन गया है जहां सोलर पैनल स्थापित होगा। हिम ऊर्जा विभाग की ओर से 23 लाख की लागत से सोलर पैनल स्थापित करवाया जाएगा। प्रदेश सरकार और तकनीकी शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी आदेशों के तहत ही इस कार्य को अंजाम दिया जाएगा। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में बिजली की खपत को कम करने के लिए कवायद जारी है। इसी क्रम में अब सूरज की रोशनी का इस्तेमाल कर संस्थानों को रोशन करने के प्रयास जारी हैं। इतना ही नहीं सोलर पैनल स्थापित करवाकर संस्थानों में बिजली खपत को पूरा करने के अलावा ये संस्थान के लिए कमाई का साधन भी बनेगा। आईटीआई चंबा में स्थापित होने वाले 50 किलो वाट क्षमता के सोलर पैनल के तहत संस्थान में बिजली खपत के अलावा शेष बचने वाली बिजली को विद्युत बोर्ड को बेचने की योजना भी है जिससे आईटीआई चंबा को आमदनी भी होगी।
आईटीआई चंबा में वर्तमान समय में 15 विभिन्न ट्रेडों के तहत 17 यूनिटें संचालित हैं। इनमें इलेक्ट्रॉनिक, इलेक्ट्रिशियन, ड्राफ्ट्समैन, वायरमैन, मोटर मेकेनिक, स्टेनो टाइपिस्ट, टर्नर, फीटर, कटिंग एंड टेलरिंग, ड्रेस मेकिंग समेत अन्य ट्रेडों में 500 के करीब प्रशिक्षु प्रशिक्षण हासिल कर रहे हैं।
विद्युत बोर्ड की ओर से वर्तमान समय में आईटीआई को विद्युत की सप्लाई प्रदान दी जाती है। सोलर पैनल स्थापित होने और संचालित होने पर विद्युत बोर्ड की ओर से संस्थान को दी जाने वाली बिजली निशुल्क मिलने की संभावना है।
आईटीआई के प्रधानाचार्य विपिन शर्मा ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के आदेश अनुसार और तकनीकी शिक्षा विभाग की स्वीकृति के बाद ही संस्थान में 50 किलोवाट का सोलर पैनल स्थापित होगा। संस्थान में बिजली आपूर्ति होने के साथ ही बचने वाली बिजली को विद्युत बोर्ड को बेचने का भी विचार है। बहरहाल विभाग के आदेशों के अनुसार ही आगामी प्रयास होंगे।