चंबा के पांगी में मिंधल माता छड़ी यात्रा के दौरान श्रधालू।संवाद
पांगी (चंबा)। जम्मू के क्यूनग्रा जिले से मिंधल माता की बड़ी छड़ी में बुधवार रात साढ़े आठ बजे 250 वाहनों में करीब 4500 श्रद्धालु किलाड़ पहुंचे।
बारी-बारी से इन्होंने मिंधल माता के मंदिर में माथा टेका। रात भर भजन-कीर्तन का दौर चला। वीरवार सुबह मंदिर परिसर में हवन किया गया। इसमें बड़ी छड़ी में शामिल श्रद्धालुओं ने हवन यज्ञ में आहुति डाली। वीरवार रात को मंदिर में जागरण होगा। इसमें भजन गायक माता की भेंटों की प्रस्तुतियां देंगे। शुक्रवार को ये श्रद्धालु वापस हो जाएंगे।
ऐतिहासिक मिंधल माता की बड़ी छड़ी देररात जम्मू के क्यूनग्रा से मिंधल माता के दरबार में पहुंची। छड़ी यात्रा में करीब 250 गाड़ियाें में 4500 श्रद्धालु शामिल हैं। इनके अलावा भी श्रद्धालुओं का मंदिर में माथा टेकने के लिए आने का क्रम जारी है।
पांगी प्रशासन और मेला कमेटी प्रबंधन ने मिंधल माता की छड़ी यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं की राह में किसी प्रकार की बाधा न हो, इसके लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा ट्रैफिक और शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस विभाग के जवान मिंधल पुल के समीप पहुंचने वाली गाड़ियों में से पांच-पांच वाहनों को आगे भेज रहे हैं। वाहनों के श्रद्धालुओं को मंदिर में छोड़कर आने पर अन्य 5 गाड़ियां आगे भेजी जा रही हैं। इसके अलावा खबल और बस स्टैंड में भी जाम की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस जवान तैनात हैं। मंदिर कमेटी की ओर से बस स्टैंड से लेकर मंदिर तक लंगर की व्यवस्था की गई है।