अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई चंबा ने भारतीय वायु सेना के पाकिस्तान में स्थित आतंकवादियों के ठिकानों पर की गई कार्रवाई के समर्थन में विजय रैली निकाली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर करते हुए भारतीय वायु सेना को बधाई दी। प्रदेश जनजातीय संयोजक आकाश नेगी ने बताया कि विद्यार्थी परिषद इकाई ने कॉलेज के छात्र-छात्राओं महाविद्यालय परिसर में विजय रैली निकाली। इसमें 50 से ज्यादा छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं। उन्होंने बताया कि भारतीय वायु सेना ने सुबह जो आतंकवादियों पर कार्रवाई की, विद्यार्थी परिषद उस एयर स्ट्राइक का समर्थन करती है। कहा कि भारत का युवा आज भारतीय सेना के साथ खड़े हैं और अगर भारतीय सेना आगे भी आतंकी खात्मे के लिए इस तरह की कार्रवाई करती है, तो विद्यार्थी परिषद हमेशा सेना के साथ रहेगी। उन्होंने कहा की इस कार्रवाई से भारत वर्ष के हर वर्ग के नौजवान से लेकर वृद्ध में खुशी की लहर है। साथ ही पुलवामा में जो भारतीय सैनिक शहीद हुए उनके परिवार के प्रति विद्यार्थी परिषद संवेदना प्रकट करती है। केंद्र सरकार से मांग करती है कि आतंक के खात्मे के लिए हमेशा इस तरह की कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।