चोटियों पर हिमपात का दौर, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
निचले क्षेत्रों में बारिश के साथ शीतलहर का प्रकोप, घरों से बाहर न निकलने की हिदायत
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। जिले में मौसम ने एक बार फिर से करवट ली है। वीरवार शाम से जिले के ऊपरी क्षेत्रों में हिमपात का दौर शुरू हो गया है। निचले क्षेत्रों में बारिश हो रही थी। तापमान में एक बार फिर से गिरावट आ गई। पांगी, मणिमहेश, साच पास और किहार के ऊपरी धारां में ताजा हिमपात हुआ। निचले क्षेत्रों में शीतलहर का दौर शुरू हो गया है। जिला प्रशासन की ओर से भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। लोगों को बिना वजह घर से बाहर नहीं जाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग की ओर से बर्फबारी होने की चेतावनी दी गई है। चुराह, किहार, होली, भरमौर, पांगी, डलहौजी, लक्कडमंडी सहित अन्य ऊपरी क्षेत्रों में अभी तक तीन से चार फीट तक बर्फ है। ऐसे में दोबारा बर्फबारी होने से यहां रहने वाले लोगों की मुसीबतें और बढ़ जाएंगी।
मौसम बदलने के साथ ठंड भी बढ़ गई है। लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए हैं।