राशन देकर पांगी के मूर्छ से वापस लौटी टीम
चसक गांव में ही रुकेगी राहत एवं बचाव टीम
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। जनजातीय पांगी घाटी के तहत सेचुनाला पंचायत के मूर्छ गांव को प्रशासन की ओर से भेजी गई टीम करीब 5 फीट बर्फ में पैदल चलते हुए मंगलवार रात वापस चसक गांव पहुंची। पांगी के एसडीएम विश्रुत भारती ने बताया कि हिमस्खलन की वजह से तीन मकानों को नुकसान पहुंचा है। लेकिन गांव के सभी लोग सुरक्षित हैं और गांव में ही अन्य परिवारों के साथ रह रहे हैं। राहत एवं बचाव टीम ने ग्रामीणों को राशन और कंबल वितरित किए और हिमस्खलन की वजह से तीन घरों को हुए नुकसान से प्रभावित परिवारों को राहत राशि भी प्रदान की। एसडीएम ने बताया कि राहत एवं बचाव टीम को चसक में ही रुकने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे दोबारा मौसम खराब होने की सूरत में राहत एवं बचाव कार्य को तुरंत अंजाम दिया जा सके। उधर, उपायुक्त हरिकेश मीणा ने एसडीएम पांगी को निर्देश दिए हैं कि राशन और अन्य जरूरी चीजों की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। पांगी घाटी में भारी बर्फबारी की वजह से हुए नुकसान के आकलन के लिए किलाड़, धरवास, साच, सेचुनाला और पुर्थी में टीमें गठित कर दी गई हैं। लोक निर्माण विभाग को भी अतिरिक्त मशीनरी और लेबर के साथ तैनात किया गया है। बिजली, पानी और सड़क सुविधाओं की बहाली में आवश्यकता के अनुसार मनरेगा कामगारों की भी सेवाएं ली जा रही हैं।