चंबा के भलेई मंदिर में नवरात्रों के उपलक्ष पर माथा टेकने के लिए लगी लोगों की कतार।संवाद
चंबा। देशभर में प्रसिद्ध भलेई माता मंदिर में पहले नवरात्र में 4,000 श्रद्धालुओं ने माथा टेका। सुबह से लेकर शाम तक मंदिर में श्रद्धालुुओं की भीड़ लगी रही। लंबी कतार में खड़े होकर श्रद्धालुओं ने बारी-बारी गर्भ गृह में पहुंचकर माता के दर्शन किए। दर्शन के लिए किसी प्रकार की भगदड़ न मचे, इसके लिए पुलिस जवान पूरी तरह से मुस्तैद नजर आए।
पुलिस ने बारी-बारी से श्रद्धालुुओं को मंदिर के भीतर भेजा। कोरोना काल के बाद श्रद्धालुुओं ने बिना किसी बंदिशों के साथ माता के दर्शन किए। पहले नवरात्र में मंदिर में मुंडन संस्कार करवाने वाले लोगों की काफी भीड़ रही। लोग अपने बच्चों को मुंडन करवाने के लिए वहां पहुंचे। गर्भ गृह के बाहर अभिभावकों ने मुंडन संस्कार की रस्म को पूरा किया। मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रबंधन की तरफ से 12 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके जरिए मंदिर के बाहर होने वाली हरेक गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। जो भी श्रद्धालु मंदिर में पहुंच रहा है उसकी सीसीटीवी कैमरे में दस्तक दर्ज हो रही है। दूरदराज के इलाकों से आने वाले श्रद्धालुओं की गाड़ियों के लिए मंदिर के साथ पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। पार्किंग से मंदिर तक जाने वाला पूरा रास्ता बारिश और धूप में चलने के अनुकूल बनाया गया है। मंदिर कमेटी के प्रधान कमल ठाकुर ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिसर में रोजाना भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इसमें कई दानी सज्जन भी भंडारे में सहयोग करते हैं जबकि मंदिर कमेटी की तरफ से भंडारे का आयोजन हरेक वर्ष रहता है।