चंबा। ऐतिहासिक चंबा चौगान में राज्य स्तरीय कला एवं रंगोत्सव में प्रदेश के 12 जिलों के 400 कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगेे। वीरवार से कला उत्सव का आगाज होगा, जो तीन दिनों तक चलेगा। शुभारंभ मौके पर उपायुक्त मुकेश रेपसवाल मौजूद रहेंगे और विधिवत उत्सव का आगाज करेंगे। राज्य स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।समग्र शिक्षा विभाग के जिला परियोजना अधिकारी भाग सिंह ने कहा कि कला उत्सव में गायन, वादन, नृत्य, नाटक, कहानी सुनाना, दृश्य कला (2डी और 3डी), स्वदेशी खिलौने और खेल और स्थानीय शिल्प जैसी विभिन्न स्पर्धाएं करवाई जाएंगी। यह पहला मौका है जब जिला चंबा को राज्य स्तरीय कला उत्सव एवं रंगोत्सव की मेजबानी का मौका मिला है।