चंबा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धुलाड़ा में 40 लोगों की टीबी जांच की गई। इसके अलावा 40 लोगों की कुष्ठ रोग को लेकर भी जांच की। शुक्रवार और शनिवार को स्वास्थ्य केंद्र में दो दिवसीय स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें मेडिकल अफसर डॉक्टर प्रतीक चंद्रा ने 400 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। जांच के दौरान बीमारियों के उपचार को लेकर परामर्श के साथ दवाई भी आवंटित की गई। मेले के दौरान 125 लोगों ने उच्च रक्तचाप और 126 लोगों ने मधुमेह की जांच करवाई। इसके अलावा 32 लोगों के आभा कार्ड बनाए गए।
65 महिलाओं की स्तन कैंसर को लेकर जांच की गई। गौरतलब है कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इनमें ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को घर-द्वार स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करवाई जा रही हैं। मरीजों को विभिन्न प्रकार के टेस्ट और दवाइयां मुफ्त दी जा रही हैं। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर जालम सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य मेलों में कई ऐसे मरीज सामने आ रहे हैं जो मधुमेह और उच्च रक्तचाप की बीमारी से पीड़ित थे लेकिन उन्हें इसकी जानकारी ही नहीं थी। ऐसे मरीजों की पहचान करके उनके इलाज को लेकर दवाई दी जा रही है। इसी कड़ी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धुलाड़ा में स्वास्थ्य मेला लगाया गया।