चंबा में नागलू नाला के पास भूस्खलन के चलते बंद पड़ा लाहड़ू-चुवाड़ी मार्ग पर ।
चंबा। जिले में बरसात के मौसम में जल संकट गहरा गया है। जल शक्ति विभाग की 62 जल परियोजनाएं प्रभावित हो गई हैं। इससे जिलेभर के सैकड़ों गांवों में पानी की किल्लत हो गई है। हालांकि, मंगलवार को कड़ी मशक्कत के बाद 62 में से 28 जल परियोजनाएं दुरुस्त कर दी गई हैं लेकिन अभी भी 34 परियोजनाएं प्रभावित हैं। भटियात में 17, तीसा और सलूणी में 7-7 जबकि चंबा क्षेत्र में तीन परियोजनाओं को बहाल करने का कार्य चल रहा है। इसके अलावा 71 सड़कों पर भी यातायात प्रभावित हुआ है। इनमें से 57 मार्गों को बहाल कर दिया है जबकि 14 सड़कों की बहाली का कार्य चल रहा है। भटियात क्षेत्र में पांच ट्रांसफार्मर ठप पड़ने से करीब 25 गांवों में अंधेरा पसर गया है। बोर्ड की टीमें मौके पर जुटी हुई हैं। गौरतलब है कि जिले में लगातार बारिश हो रही है। मंगलवार को भी सुबह बारिश हुई। इससे व्यवस्था चरमरा गई है। वहीं, दूसरी तरफ जल संकट पैदा होने से लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि बारिश के बाद प्रभावित हुई परियोजना को बहाल किया जा रहा है।