पुराने बस स्टैंड और करियां के लिए चलाई जाएं बसें
जिला मुख्यालय में पेंशनरों की बैठक में मुद्दों और समस्याओं पर की गई चर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन इकाई चंबा की बैठक शनिवार केा जिला मुख्यालय में हुई। इसकी अध्यक्षता प्रधान कुंदन लाल ने की। बैठक में इकाई के समस्त पदाधिकारियों और सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में मुद्दों और समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। साथ ही आगामी रणनीति तैयार की गई। बैठक में सर्वप्रथम गत छह माह के प्रस्तावों पर चर्चा की गई और प्रस्ताव पारित किया गया कि चंबा शहर की समस्याओं को हल करवाने के बारे में संबंधित विभागों, जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार के सम्मक्ष पत्राचार के माध्यम से रखा जाए। बैठक में पदाधिकारियों ने मांग उठाई कि नए बस स्टैंड से पुराने बस स्टैंड और करियां के लिए पर्याप्त बसें चलाई जाएं। शहर में सफाई व्यवस्था, पार्किंग और ट्रैफिक समस्या को लेकर चर्चा की गई। बैठक में सूही माता, चामुंडा देवी मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण के लिए संबंधित विभाग और प्रशासन बजट का प्रावधान करें। पेंशनरों ने हर साल पानी और सीवरेज के बिलों में दस प्रतिशत की बढ़ोतरी पर रोष प्रकट किया है। पदाधिकारियों ने बताया कि इस बारे में पत्राचार सरकार से किया गया है। इसके अलावा इकाई के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि वह जल्द से चंबा का दौरा करें और विकास कार्यों का जायजा लें।