अमर उजाला ब्यूरो
तीसा (चंबा)। चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत झज्जाकोठी के गांव कंडोलू के लोग बिजली की आंख मिचौली चल रही है। इसके चलते ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में चालीस परिवार गुजर बसर कर रहे हैं। मगर पिछले दस दिनों से यहां बिजली की आंखमिचौनी चल रही है। हालांकि इस बारे में वे कई बार विद्युत बोर्ड को अवगत करवा चुके हैं। मगर अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। इसको लेकर ग्रामीणों में काफी रोष है। लेखराज, सुरेंद्र पाल, बिमला देवी, रेखा देवी, उत्तम चंद, दीवान चंद, कल्याण सिंह, पुष्पा देवी, चंपा देवी, राजेश कुमार, पूर्ण चंद, प्रेम सिंह, देवी सिंह, देसराज, रिंकू राम, माधो राम और वीरेंद्र कुमार ने बताया कि गांव में बिजली किसी भी समय बिजली गुल हो जाती है। खासकर शाम के समय में बिजली गुल होने से जहां गृहणियों को खाना बनाने में दिक्कतें आती हैं तो वहीं दूसरी ओर स्कूली विद्यार्थी भी बार-बार बिजली गुल होने के चलते पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस बारे में वे बोर्ड को मौखिक शिकायत कर चुके हैं। मगर अभी बिजली की आंखमिचौली की समस्या का समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने विद्युत बोर्ड से मांग की है कि इस समस्या से उन्हें जल्द निजात दिलवाई जाए।