मशरूम उत्पादन शुरू कर आजीविका सुदृढ़ करने के लिए किया जागरूक
भरमौर ब्लॉक में एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। भरमौर ब्लॉक के किसानों के लिए भरमौर में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सहयोग से एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर हुआ।
शिविर का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, विशेष रूप से मशरूम उत्पादन के बारे में जागरूक करना और उनकी आय बढ़ाने के लिए नई संभावनाओं से परिचित कराना रहा। शिविर के दौरान विषय विशेषज्ञ डॉ. मनोहर लाल तथा परियोजना प्रभारी डॉ. भूपेंद्र विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने किसानों को मशरूम की खेती के विभिन्न पहलुओं जैसे इसकी उन्नत तकनीक, उत्पादन प्रक्रिया, देखभाल, रोग प्रबंधन तथा विपणन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों को यह भी बताया कि कम लागत में मशरूम उत्पादन शुरू कर किस प्रकार अच्छी आमदनी प्राप्त की जा सकती है। इस अवसर पर किसानों की भागीदारी उत्साहपूर्ण रही और उन्होंने विशेषज्ञों से अपने प्रश्नों के समाधान भी प्राप्त किए। शिविर में 100 किसानों को कुल 300 मशरूम बैग वितरित किए गए जिससे वे प्रशिक्षण के बाद व्यावहारिक रूप से मशरूम उत्पादन शुरू कर सकें और अपनी आजीविका को सुदृढ़ बना सकें।