चंबा में भारी बारिश के कारण साहो मार्ग पर भरा कीचड़ और मलबा।संवाद
चंबा। जिला चंबा में भारी बारिश के बाद विद्युत व्यवस्था पटरी से उतर गई है। 27 ट्रांसफार्मर ठप होने से 90 से अधिक गांवों में अंधेरा पसरा है।
इसके चलते ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। करीब बीस पेयजल योजनाएं बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं। हालांकि, जल शक्ति विभाग ने इन योजनाओं को दुरुस्त करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं, मगर सोमवार को एक भी योजना बहाल नहीं हो पाई। चंबा-पांगी मार्ग साच पास के समीप बर्फबारी के चलते बंद पड़ा है। जानकारी के अनुसार जनजातीय क्षेत्र पांगी में 12, चंबा और तीसा में सात-सात और भरमौर में एक ट्रांसफार्मर ठप पड़ा है। हालांकि, बिजली बोर्ड की टीमें कार्य में जुटी हैं। सोमवार को साठ ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त कर दिया है। शेष ट्रांसफार्मरों की मरम्मत की जा रही है।
गौरतलब है कि रविवार को दोपहर बाद मूसलाधार बारिश हुई है। इसके चलते जिला मुख्यालय में बाढ़ आ गई। दूसरी तरफ, ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप पड़ गई। बहरहाल, बिगड़ी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विभागीय टीमें जुटी हैं। उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने बताया कि सोमवार को मौसम साफ होने के बाद संबंधित विभागाें को बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।