भद्रकाली भलेई माता मंदिर में दर्शनों के लिए कतार में खड़े श्रद्धालु।
चंबा। प्रसिद्ध भलेई माता मंदिर में चौथे नवरात्र पर 2,500 श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। मंगलवार को मंदिर में सर्वप्रथम मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने कंजक पूजन किया। उसके उपरांत मंदिर के गर्भ गृह में नारियल और चुन्नी चढ़ाए गए। पूजा-अर्चना के उपरांत श्रद्धालुओं ने मंदिर के गर्भ गृह में जाकर माता के दर्शन किए। सुबह से लेकर दोपहर तक मंदिर परिसर श्रद्धालुओं खचाखच भरा रहा लेकिन शाम के समय श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आई। लोग अपने बच्चों के मुंडन संस्कार करवाने के लिए जातर लेकर मंदिर में पहुंचे थे। इस दौरान मंदिर में भंडारे का आयोजन किया। मंदिर कमेटी के प्रधान कमल ठाकुर ने बताया कि चौथे नवरात्र पर श्रद्धालुओं की संख्या थोड़ी कम रही, जबकि आगामी नवरात्रों में यह संख्या काफी बढ़ सकती है। पहले नवरात्र को पांच हजार श्रद्धालुओं ने मंदिर में शीश नवाया था। उन्होंने कहा कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पूरे प्रबंध किए हैं। इसके लिए सीसीटीवी कैमरों के साथ पुलिस जवानों की व्यवस्था की है। गर्भ गृह के बाहर किसी प्रकार की भीड़ न हो, इसके लिए श्रद्धालुओं को कतार में बारी-बारी मंदिर के गर्भ गृह में भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिलेभर से लोग माता के दर्शन करने के लिए मंदिर में पहुंच रहे हैं।