पांगी (चंबा)। वन विभाग की टीम ने पिकअप वाहन से देवदार की लकड़ी के 22 नग बरामद किए हैं। पकड़ी गई लकड़ी की कीमत लाखों में बताई जा रही है।
वन विभाग की टीम को जनजातीय क्षेत्र पांगी के माहलू नाला में नाके के दौरान यह सफलता मिली। बताया जा रहा है कि आरोपी रेई बीट के जंगल से पेड़ काटकर रात के अंधेरे में लकड़ी को ठिकाने लगाने करी फिराक में थे। वन विभाग की टीम ने लकड़ी समेत पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया है। विभाग ने अपने स्तर पर मामले की जांच शुरू कर दी है। टीम अब काटे गए पेड़ के ठूंठ की तलाश करने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार बीते बुधवार को वन विभाग की टीम ने गुप्त सूचना पर माहलू नाले में बीओ संजीव कुमार, बीओ केवल कृष्ण, वनरक्षक रूप सिंह की अगुवाई में नाका लगाया था। मार्ग से होकर गुजरने वाले हर वाहन की जांच की जा रही थी। इतने में एक पिकअप मौके पर पहुंची। वन विभाग की टीम को देखकर वाहन चालक के होश उड़ गए। टीम ने वाहन की तलाशी ली तो देवदार की लकड़ी के करीब 22 नग थे। टीम ने चालक से दस्तावेज मांगे तो वह टाल-मटोल करने लगा। शक होने पर टीम ने वाहन समेत लकड़ी कब्जे में ले ली।
सूत्रों के अनुसार रेई बीट के अधीन आते जंगल में अज्ञात वनकाटू देवदार के पेड़ काटकर रात के अंधेरे में ही लकड़ी को ठिकाने लगाने की फिराक में थे। अब टीम वन काटुओं समेत देवदार के पेड़ के ठूंठ को तलाशने में जुट गई है। डीएफओ पांगी देवेंद्र सिंह डढवाल ने बताया कि बीईओ, आरओ और वन रक्षक की टीम ने देवदार के नगों को पिकअप में डाल कर ले जा रहे वाहन को पकड़ा है। बताया कि वन विभाग की टीम अब देवदार के पेड़ के ठूंठ की तलाश करके पेड़ के ग्रेड का पता चलाएगी। साथ ही अज्ञात वन काटुओं की धरपकड़ के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।