अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। राजकीय न्यू मॉडल डिग्री कॉलेज लिल्ह कोठी के भवन का शिलान्यास तीन फरवरी को होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिलान्यास की रस्म को ऑनलाइन पूरा करेंगे। शिलान्यास के ऑनलाइन कार्यक्रम का आयोजन जिला मुख्यालय पर बचत भवन में दोपहर 3 बजे शुरू होगा। उन्होंने बताया कि कॉलेज 12 करोड़ की लागत से सभी सुविधाओं के साथ पूरा होगा। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने 6 करोड़ रुपए की पहली किस्त जारी कर दी है। कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि लोक निर्माण विभाग टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर रहा है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 3 फरवरी को पूरे देश में रूसा के तहत 148 परियोजनाओं की आधारशिला और उद्घाटन करेंगे। यह प्रक्रिया ऑनलाइन शेर ए कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर श्रीनगर से पूरी की जाएगी। कार्यक्रम में मंडी संसदीय क्षेत्र के सांसद रामस्वरूप शर्मा और भरमौर के विधायक जियालाल भी विशेष तौर पर मौजूद रहेंगे।