अमर उजाला ब्यूरो
सरोल (चंबा)। ग्राम पंचायत सरोल में पांच दिन से पेयजल सप्लाई ठप पड़ी है। इसकी वजह से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी नहीं आने से महिलाओं को खाना बनाने सहित अन्य घरेलू कार्यों को निपटाने में परेशानी हो रही है। संबंधित विभाग के कर्मचारी को लोग कई बार अवगत करवा चुके हैं लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। इसको लेकर भी लोगों में रोष है। ग्रामीणों राजेंद्र, पवन कुमार, दीपक, साहिल रजा कुरैशी, साहिल बेदी, तेजेंद्र प्रसाद, मनीष ठाकुर, भूपेश कुमार और अमृत ने बताया कि सरोल पंचायत में पांच दिन से पेयजल सप्लाई बंद पड़ी है। लोग पीने के लिए पानी प्राकृतिक स्रोत से ढो रहे हैं। पीने के लिए तो लोग जैसे तैसे करके पानी का जुगाड़ कर ले रहे हैं लेकिन मवेशियों की प्यास बुझाने के लिए उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। मवेशियों को पानी पिलाने के लिए प्राकृतिक स्रोत से बाल्टियों में पानी भरकर ढोना पड़ता है, जिसमें लोगों का आधा दिन निकल जाता है। उन्होंने जिला प्रशासन और आईपीएच से मांग की है कि सरोल पंचायत में पांच दिन से बंद पड़ी पेयजल सप्लाई को जल्द बहाल किया जाए। आईपीएच विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेश कपूर ने बताया कि उनके ध्यान में यह मामला नहीं है। संबंधित जेई को निर्देश दिए जाएंगे कि बंद पेयजल सप्लाई को जल्द बहाल किया जाए।