चंबा। चंबा-लिल्ह मार्ग पर लिल्ह के समीप एक निजी कार दुर्घटनाग्रस्त होने से दो लोग घायल हो गए। यह हादसा वीरवार देर शाम को हुुआ। घायलों को उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने घायलों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। घायलों की पहचान विपिन कुमार पुत्र जैसो राम गांव प्लेग (लिल्ह) तथा बरदो राम पुत्र निहाल चंद निवासी लिल्ह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक विपिन और बरदो राम दोनों वीरवार देर शाम कार में सवार होकर लिल्ह की तरफ जा रहे थे लेकिन जैसे ही वे लिल्ह के समीप पहुंचे तो गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गई। गाड़ी गिरने की आवाज सुनकर मौके पर मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। पुलिस ने भी घायलों के बयान दर्ज कर लिए हैं। वहीं, घायलों की तबीयत में अब सुधार बताया जा रहा है। एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने इसकी पुष्टि की है।