मतगणना के दौरान भटियात के भाजपा प्रत्याशी विक्रम सिंह जरियाल की जीत के बाद कार्यकर्ता जशन मनाते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। जिला में चुनावी नतीजों को जानने के लिए सरोल के मतगणना केंद्र में नेताओं के साथ उनके समर्थक और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में पहुंचे थे। हर दौर के बाद जब लाउड स्पीकर पर नतीजों की घोषणा होती थी तो समर्थक झूमकर और नारे लगाकर खुशी का इजहार करते थे। इसके साथ ही जहां एक तरफ बुजुर्ग लोग टीवी पर नजर गड़ाए रहे तो वहीं युवा इंटरनेट से जानकारी हासिल करने में जुटा रहा। हर दौर के रुझान इलेक्शन कमीशन की वेबसाइट में अपडेट किए जा रहे थे। इससे रुझानों को जानने के लिए काफी आसानी रही। वहीं चुनावी नतीजे जानने के लिए सरोल मतगणना केंद्र पहुंचे लोग जहां केंद्र के बाहर रहे तो वहीं सड़क के साथ भी लोग मौजूद रहे। आधुनिकता के दौर में अब युवा वर्ग इंटरनेट के माध्यम से हर जानकारी आसानी से जुटा रहे हैं। व्हाट्सऐप और फेसबुक इसका जरिया बनता जा रहा है। जिसे भी कोई अपडेट मिलता तो वह झट से सोशल मीडिया पर अपलोड कर देता था। कुल मिलाकर सोमवार की सुबह युवा वर्ग सरोल मतगणना केंद्र में भारी संख्या में पहुंचे थे।