अमर उजाला ब्यूरो
किहार(चंबा)। किहार सेक्टर के अधीन ग्राम पंचायत त्रिभोल के आधा दर्जन गांवों के लोग कम वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। इसके चलते उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि वर्तमान में आधा दर्जन गांवों के लिए 63 केवी ट्रांसफार्मर लगाया गया है। इससे त्रिभोल, रुआणी प्रथम, द्वितीय और तृतीय के लिए बिजली की आपूर्ति बेहतर हो गई है। मगर गांव रौण, निमाण, विशूबग और तलुंजी में अभी भी कम वोल्टेज की समस्या है। इस बारे में ग्रामीण कई बार विद्युत बोर्ड से 25 केवी ट्रांसफार्मर उक्त क्षेत्र में लगाने का आग्रह किया है। मगर अभी तक विद्युत बोर्ड ने ग्रामीणों की इस मांग को पूरा नहीं किया है। इस बात को लेकर ग्रामीणों में काफी रोष है। ग्रामीण में शरीफ मोहम्मद, शिफो, मोहम्मद रफीक, सुभान मोहम्मद, बशीर मोहम्मद, गुलाम रसूल, महबूब खान, अमीं चंद, लाली राम, हंसराज और सुरेश कुमार ने बताया कि कम वोल्टेज की समस्या होने से जहां गृहणियों को खाना पकाने में दिक्कत पेश आ रही है तो वहीं दूसरी ओर स्कूली बच्चों को भी पढ़ाई के दौरान परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीणों ने बताया कि शाम के समय यहां हालात ओर भी खराब हो जाते है। घरों में बल्ब के साथ दीये जलाने पड़ते हैं। ग्रामीणों ने विद्युत बोर्ड से मांग की है कि जल्द गांवों में कम वोल्टेज की समस्या से निजात के लिए 25केवी विद्युत ट्रांसफार्मर लगाया जाए।