अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। विकास खंड मैहला की पंचायत करियां के गांव अपर करियां में मंगलवार को बिजली वोल्टेज बढ़ने से तीन टीवी और 14 सैट-टॉप बॉक्स जल गए। यह मामला बीती रात करीब साढ़े नौ बजे का है। ग्रामीणों ने बताया कि बीती रात अचानक विद्युत वोल्टेज बढ़ गई। इसके चलते उनके विद्युत उपकरण जल गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दिनों यहां बिजली की आंखमिचौनी चल रही है। बिजली की आंख मिचौनी दुरुस्त हुई तो विद्युत वोल्टेज बढ़ने से ग्रामीणों को हजारों का नुकसान हुआ है। पंचायत के उपप्रधान सतीश कुमार देयोड़, वार्ड पंच प्रीतम सिंह, पूर्व वार्ड मेंबर संजीव कुमार, पांजा राम ठाकुर, बिमला माहड़, रीता, नवू कुमार, सतीश कुमार, शांता देवी, सुरेश कुमार और राकेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र के एनालॉग सिस्टम बंद होने के बाद उन्हें करीब दो हजार रुपये खर्च कर सैट-टॉप बॉक्स लगवाए थे। मगर बीती रात अचानक बिजली वोल्टेज बढ़ने से सैट-टॉप जल गए है। जबकि तीन लोगों के टीवी भी जले हैं। इसके अलावा करीब आधा दर्जन बल्ब भी बिजली वोल्टेज बढ़ने से फूट गए हैं। प्रभावित ग्रामीणों ने विद्युत बोर्ड से आग्रह किया है कि बढ़ी वोल्टेज को नियंत्रित किया जाए। साथ ही उनके उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।