अमर उजाला ब्यूरो
खज्जियार (चंबा)। चंबा-खज्जियार मार्ग बर्फबारी के दूसरे दिन भी बहाल नहीं हो पाया है। इस वजह से क्षेत्र के लोगों को भारी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। हालत यह है कि बर्फबारी के कारण मार्ग बाधित होने से पर्यटन कारोबार पूरी तरह से चौपट हो गया है। हालांकि मार्ग बहाल करने के लिए लोनिवि ने दो जेसीबी लगा दी हैं। लोनिवि का दावा है कि वीरवार सुबह मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल हो जाएगा। दो दिनों तक लगातार हुई बर्फबारी से खज्जियार मार्ग पर दो फीट बर्फ है। इसकी वजह से खज्जियार वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह से बंद पड़ा है। मार्ग बंद होने की वजह से पर्यटक खज्जियार नहीं पहुंच पा रहे हैं। इसकी वजह से स्थानीय लोगों का धंधा भी चौपट हो गया है। लोगों की मांग पर लोनिवि ने युद्घस्तर पर सड़क से बर्फ हटाने का काम शुरू किया है। गेट से लेकर खज्जियार तक सात किमी के भाग पर दो फीट बर्फबारी हुई है। स्थानीय निवासी सूरज, नारायण सिंह, देसराज, चैन लाल, जितेंद्र, मान सिंह, हंसराज, कमल कुमार और योगेश कुमार ने सड़क से बर्फ हटाने की मांग की है। लोनिवि के सहायक अभियंता मीत कुमार ने बताया कि चंबा-खज्जियार मार्ग से बर्फ हटाने के लिए दो जेसीबी लगाई गई हैं। वीरवार सुबह मार्ग को वाहनों के लिए बहाल कर दिया जाएगा।