अमर उजाला ब्यूरो
तीसा (चंबा)। चुराह उपमंडल के तहत ग्राम पंचायत कुठेड़ बदोड़ा के जुआरी गांव में पानी के लिए हाहाकार मचा है। इसके चलते ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में बीस दिनों से पानी की किल्लत चल रही है। इस बारे वह आईपीएच विभाग को भी अवगत करवा चुके हैं। मगर अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। इस बात को लेकर ग्रामीणों में काफी रोष है। जानकारी के अनुसार गांव को जाने वाली पेयजल लाइन जगह-जगह से टूट गई है। इस गांव में करीब चालीस परिवार रहते हैं। इन्हें पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। ग्रामीण परस राम, रेखा देवी, सुरेंद्र कुमार, बिमला देवी, राज कुमार, देसराज, प्रीतम चंद, रेश्मा देवी, उत्तमा देवी, कुंता देवी, चैन लाल, राजेंद्र कुमार और परमेश कुमार ने बताया कि पानी न होने की सूरत में उन्हें गांव से एक किलोमीटर दूर नाले से पानी लाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि पशुओं के लिए भी पानी उन्हें नाले से ढोना पड़ रहा है। इसके चलते लोगों का अधिकतर समय पानी ढोने में ही निकल जा रहा है। ग्रामीणों की मानें तो कई बार विभाग को इस समस्या के बारे में शिकायत कर चुके हैं। मगर अभी तक विभाग ने समस्या का समाधान करने का प्रयास नहीं किया है। ग्रामीणों ने आईपीएच विभाग से मांग की है कि जल्द गांव में पानी की आपूर्ति बहाल करवाई जाए। ताकि उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत न पेश आए। आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता भानू प्रताप का कहना है कि इस बारे में उन्हें जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि टीम को मौके पर भेजकर लाइन को दुरुस्त करवाया जाएगा।