अमर उजाला ब्यूरो
तीसा (चंबा)। विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज ने कहा कि चुराह क्षेत्र में सभी बुनियादी जरूरतें जुटाने की दिशा में प्रभावी तरीके से कार्य किया जाएगा। उन्होंने यह बात शालूंई से पधरोलू और भल्लीघराट से डोल गुवाड़ी तक बनने वाली दो संपर्क सड़कों के भूमि पूजन के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने बताया कि दोनों संपर्क सड़कों के निर्माण पर 80 लाख रुपए की राशि खर्च होगी। पधरोलू तक सड़क निर्मित होने के बाद यह सड़क आगे नैला, देहरा और डांड क्षेत्र तक जाएगी। इसी तरह डोल गुवाड़ी से आगे सिंड तक सड़क बनाने की भी योजना है। उन्होंने कहा कि सड़कों के शेष भाग के मामले को वन संरक्षण अधिनियम (एफसीए) के तहत मंजूरी के लिए भेजा जा चुका है और जल्द इसकी मंजूरी मिलेगी। इस मौके पर उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि सड़क निर्माण के लिए धन की कोई कमी नहीं है। मगर सड़क परियोजनाएं तभी पूरी हो पाएगी जब उन पर योजनाओं के अधीन आने वाली निजी जमीन लोग लोक निर्माण विभाग के नाम करवाएंगे। हंसराज ने कहा कि गत 5 वर्षों में इस क्षेत्र के लोगों को मात्र छला गया है। यहां तक कि मूलभूत जरूरतें जुटाने को लेकर भी कोई प्रयास नहीं किए गए। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मूल मंत्र सबका साथ सबका विकास के आधार पर लोगों की सेवा करेंगे। इस मौके पर उपमंडल अधिकारी (नागरिक) हेमचंद वर्मा ,अधिशासी अभियंता लोक निर्माण हर्ष पुरी, खंड विकास अधिकारी अनूप शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष ताराचंद, अध्यक्ष पंचायत समिति देवकी देवी, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष गोपाल ठाकुर और वीरेंद्र, पूर्व प्रधान कर्म चंद समेत अन्य विभागीय अधिकारी और पंचायतों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।