अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। लामू से हिलींग जा रहे वन विभाग का टिपर दुर्घटना में एक महिला और डेढ़ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। जबकि चार लोगों को हादसे में गंभीर चोटें आईं हैं। ट्रक में चालक समेत छह लोग सवार थे। हादसा सोमवार को उस समय पेश आया जब वन विभाग का टिपर लामू से हिलींग के लिए जा रहा था। इसी दौरान लामू के पास पांच लोगों ने हिलींग जाने के लिए टिपर में लिफ्ट ली। लामू से डेढ़ किमी आगे जाने पर टिप्पर अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना एंबुलेंस और पुलिस को दी। पुलिस टीम सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच गई। इसमें एसएचओ भरमौर धर्म चंद मुख्य रूप से मौजूद रहे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला। मगर हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। पांच घायलों को एंबुलेंस के से होली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां पर 35 वर्षीय महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। खबर लिखे जाने तक घायल चंबा मेडिकल कॉलेज नहीं पहुंचे हैं। हादसे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र तोमर ने बताया कि लामू के पास टिपर दुर्घटना में एक बच्ची व महिला की मौत हुई है। चार लोगों को गंभीर चोट लगी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।