अमर उजाला ब्यूूरो
चंबा। जिले के सरकारी स्कूलों में बच्चों को नीट, एआईईईई और एनडीए के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाएगी। इस संदर्भ में उच्च शिक्षा विभाग चंबा की ओर से प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। विभाग की ओर से इसके लिए तीन कमेटियों का गठन किया गया है। उक्त तीनों परीक्षाओं का तैयारी इन कमेटियों की देखरेख में होगी। विभाग की ओर से इसके अनुमोदन के लिए उपायुक्त चंबा को भी प्रस्ताव भेजा जाएगा। प्रशासन की स्वीकृति के बाद यह व्यवस्था शुरू की जाएगी। परीक्षाओं में जमा दो और जमा एक कक्षा के विद्यार्थी भाग लेंगे। ये परीक्षाएं साल में तीन बार आयोजित की जाएंगी। शिक्षा विभाग की इस पहल से सरकारी स्कूलों के सैकड़ों विद्यार्थियों को फायदा मिलेगा। सोमवार को इस विषय को लेकर उच्च शिक्षा विभाग में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उच्च शिक्षा उपनिदेशक देवेंद्र पाल ने की। बैठक में समस्त बीपीओ मौजूद रहे। देवेंद्र पाल ने बताया कि विभाग की ओर से नीट, एआईईईई और एनडीए के तहत प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इसके लिए विभाग प्रयास कर रहा है। कहा कि साल में तीन बार ये परीक्षाएं होंगी। इसकी तैयारियों में विभाग जुट गया है। उन्होंने कहा कि ये परीक्षाएं वार्षिक कक्षाओं की परीक्षाओं से पहले आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस सत्र के दौरान जमा एक और जमा दो कक्षा को शामिल किया गया है। जबकि आगामी वर्ष मैट्रिक को भी इसमें शामिल किया जाएगा।