चंबा। वन बंधु कल्याण योजना की बैठक जिलाधीश चंबा हरिकेश मीणा की अध्यक्षता में शनिवार को आयोजित हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 50 प्रतिशत अनुदान पर चंबा ब्लॉक के तहत आते एसटी परिवारों को बढ़िया मुर्रा भैंस पशुपालन विभाग द्वारा प्रदान की जाएगी। इसके लिए एसटी परिवारों को बीपीएल प्रमाणपत्र देने की जरूरत नहीं होंगी। प्रत्येक एसटी परिवार जो दूध का काम करके अपनी आर्थिकी को सुदृढ़ करना चाहता है, इसका लाभ हासिल कर सकता है। बैठक में निर्णय लिया गया कि महाविद्यालय सुल्तानपुर के साथ ही ट्राइबल हॉस्टल कम ट्रेनिंग इंस्टीच्यूट बनाया जाएगा। इसके अलावा चंबा-साहो मार्ग पर मरेड़ी के पास मसरूम केंद्र का बनाया जाएगा। बागवानी क्षेत्र में इच्छुक लोगों को बढ़िया किस्म के इटेलियन प्रजाति के सेब के पौधे प्रदान किए जाएंगे। इटेलियन सेब के पौधे की कीमत तीन हजार है और ये सेब का पौधा तीसरे साल में ही फल देना आरंभ कर देता है। टमाटर के पौधे की तरह पांच प्रतिशत कीमत पर मिलेगा। साथ ही किवी और चेरी के पौधे भी दिए जाएंगे। कृषि विभाग द्वारा सब्जी उत्पादन में रुचि रखने वाले लोगों को बढ़िया किस्म के बीज प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा शेष रहे परिवारों को सोलर लाइट और एग्रीकल्चर किट प्रदान की जाएगी। जिलाधीश ने कहा कि वन बंधु कल्याण योजना एक बहुत ही बढ़िया योजना है इस योजना का भरपूर फायदा लोगों को उठाना चाहिए। बैठक में विभिन्न विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।