जनसाली में होगी नियमित सफाई, चैंबर भी होंगे दुरुस्त
अमर उजाला में प्रकाशित वार्ड परिक्रमा का असर, मौके पर पहुंचे अधिकारी
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। नगर परिषद चंबा के तहत आते जनसाली वार्ड में अब सफाई व्यवस्था दुरुस्त होगी। शुक्रवार को नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता ने वार्ड का निरीक्षण किया और सफाई कर्मचारियों को सफाई व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए। इसके अलावा आईपीएच विभाग भी लीक सीवेज चैंबरों को दुरुस्त करेगा। गौरतलब है कि जनसाली वार्ड में नालियां कूड़े से अटी पड़ी थीं, वहीं दूसरी ओर चैंबर लीक होने से जगह-जगह सीवेज की गंदगी बह रही है। इसके चलते इस मार्ग से आवाजाही करने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड की समस्या को लेकर प्रदेश के अग्रणी समाचार पत्र अमर उजाला ने वार्ड परिक्रमा के कॉलम के तहत प्रकाशित किया। खबर का असर यह रहा कि नगर परिषद चंबा के कनिष्ठ अभियंता मौके पर पहुंच गए और समस्या का समाधान करने के प्रयास शुरू किए। नगर परिषद चंबा के कनिष्ठ अभियंता राजेश चौधरी ने बताया कि निरीक्षण कर दिया है। जल्द ही यहां गंदगी को साफ करवाया जाएगा और नालियों को भी दुरुस्त करवाया जाएगा।
आईपीएच विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेश कपूर ने बताया कि यह मामला ध्यान में है। कहा कि जल्द चैंबरों को दुरुस्त करवा दिया जाएगा।