सेमिनार में 18 समूहों ने प्रस्तुत किए शोध पत्र
चंबा कॉलेज में किया गया कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। राजकीय महाविद्यालय चंबा के राजनीति शास्त्र विभाग में चल रहे दो दिवसीय शोध सेमिनार के अंतिम दिन विद्यार्थियों ने शोध के महत्वपूर्ण तथ्यों पर चर्चा की। शिक्षा विभाग से डॉ. पवन कुमार दूसरे दिन के शोध विशेषज्ञ के रूप में उपस्थित रहे। महिला शिक्षा की चुनौतियां, बेरोजगारी, मतदान व्यवहार, गैर शैक्षणिक गतिविधियों का महत्त्व, सोशल मीडिया के प्रभाव, समाज में व्याप्त अंधविश्वास के कारण, मानवाधिकार आदि प्रमुख विषय रहे। डॉ. पवन ने विद्यार्थियों को शोध के विभिन्न विषय परिकल्पना, शोध के प्रकार, साहित्यिक समीक्षा, सैंपल, आंकड़ों के स्रोत आदि पर जानकारी दी। प्राचार्य डॉ. मदन गुलेरिया ने संतुलित व्यक्तित्व में शैक्षणिक और गैर शैक्षणिक गतिविधियों को अपनाने की बात कही। राजनीति शास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. केवल कृष्ण ने प्राचार्य की ओर से समय-समय पर किए जाने वाले सहयोग के लिए धन्यवाद किया। सेमिनार में आईक्यूएसी के संयोजक डॉ. मनेश वर्मा, डॉ. कुलदीप राज, प्रो. संघर्ष सैनी, प्रो. आशा देवी और प्रो. अंकिता धवन मौजूद रहे। दूसरे दिन 18 समूहों ने अपने शोध कार्य को प्रस्तुत किया। सेमिनार के अंत में सभी शोधार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।