चंबा।
चंबा से पांगी-धरवास-किलाड़ और अजोग के लिए शुक्रवार को उड़ानें हुई। इस दौरान 76 यात्री आर-पार हुए हैं। 33 यात्री धरवास व किलाड़ से चंबा पहुंचे तो वहीं 43 यात्री चंबा से अजोग, धरवास व किलाड़ के आर-पार हुए। पिछले करीब तीन सप्ताह से पांगी घाटी के लिए उड़ानें नहीं हो रही थीं। इसके कारण लोगों को काफी परेशानी पेश आ रही थी। शुक्रवार को घाटी के लिए दो लगातार उड़ानें हुई हैं। इससे लोगों ने राहत की सांस ली है। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि आगामी समय में भी पांगी के हवाई उड़ानों का क्रम जारी रखा जाए ताकि पांगी घाटी के लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत न पेश आए। उपायुक्त हरिकेश मीणा ने बताया कि पांगी घाटी के लिए दो उड़ानें हुई हैं। जल्द ही उड़ानों का आगामी शेड्यूल जारी किया जाएगा।