अमर उजाला ब्यूरो
सुरंगानी(चंबा)। विकास खंड सलूणी के तहत आने वाली ग्राम पंचायत ब्याणा के कई गांव आज भी सड़क सुविधा से वंचित हैं। इस वजह से गांव के लोगों को आज भी हर रोज मीलों का पैदल सफर तय करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के सत्तर वर्षों के बीत जाने के बाद भी वह मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। प्रदेश में कई सरकारें आई और कई चली गईं। मगर किसी ने भी आज तक इन गांवों को सड़क से जोड़ने के लिए प्रयास नहीं किए हैं। नतीजा क्षेत्र के लोग आज भी सामान को सिर पर उठाकर घर पहुंचाने को मजबूर हैं जबकि किसी शख्स के बीमार होने पर उसे पीठ पर उठाकर अस्पताल पहुंचाना पड़ता है। ऐसे में मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार लोक निर्माण विभाग से उनके गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने की की मांग कर चुके हैं। मगर आज तक उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया है। इसका खामियाजा ग्रामीणों को ही उठाना पड़ रहा है। ग्रामीण पान चंद, असलम मोहम्मद, बशीर मोहम्मद, परस राम, चैन लाल, टेक चंद, नरैण सिंह और नेक राम का कहना है कि इस क्षेत्र में जितनी भी सरकारें आई हैं, उन्होंने इस क्षेत्र की हमेशा ही अनदेखी ही की है। सभी गांव के लोगों ने प्रदेश सरकार और प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द उक्त गांवों की समस्या का समाधान किया जाए। ताकि गांव वासियों को परेशानी का सामना न करना पड़े। अधिशाषी अभियंता अरुण पठानिया ने बताया कि उनके ध्यान में यह मामला नहीं है। सर्वे करवाकर गांव को सड़क से जोड़ने को लेकर उच्चाधिकारियों को प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा।