भरमौर(चंबा)। जनजातीय क्षेत्र भरमौर में सामान्य निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आदर्श आचार संहिता के कड़ाई से अनुपालना को सुनिश्चित बनाने के लिए बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एडीएम भरमौर पीपी सिंह ने अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि उपमंडल की तमाम पंचायतों से सार्वजनिक स्थलों पर गत विधानसभा के चुनाव के दौरान की गई वॉल राइटिंग 3 दिन के भीतर हटा दी जाए। उन्होंने कहा कि प्राइवेट जगहों पर हुई वॉल राइटिंग की जिम्मेवारी मालिक लेते हैं तो उनसे लिखित रूप में लिया जाए अन्यथा वॉल राइटिंग को मिटा दिया जाएगा। इसी प्रकार से विभिन्न पंचायतों में सार्वजनिक स्थलों पर लगे हुए कूड़ा दानों के ऊपर से विधायक के नाम को अस्थायी तौर पर टेप लगाकर हटाया जाए। सहायक रिटर्निंग अधिकारी ने यह भी निर्देश दिए की हाल ही में भरमौर उपमंडल में हुई भारी बर्फबारी व वर्षा के कारण स्कूलों व अन्य सरकारी भवनों को भी नुकसान पहुंचा है। इन अधिकांश भवनों में मतदान केंद्र स्थापित है। लिहाजा इन मतदान केंद्रों की स्थिति को जल्द सुधारा जाए और इनमें बिजली, पानी, रैंप, शौचालय, फर्नीचर आदि की सुविधा की उपलब्धता 10 दिन के भीतर सुनिश्चित बनाई जाए। सहायक रिटर्निंग अधिकारी ने कहा कि मतदान केंद्रों पर मतदान केंद्र का नाम व संख्या भी अंकित होनी चाहिए और इसकी फोटो व्हाट्सऐप के द्वारा सहायक रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय में भेजना सुनिश्चित बनाएं।