अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। चंबा मेडिकल कॉलेज में काम करने वाले सफाई कर्मचारियों को पांच महीने से वेतन नहीं मिला है। इसको लेकर कर्मचारियों का प्रतिनिधिमंडल वीरवार को स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार से मिला। कर्मचारियों ने स्वास्थ्य मंत्री से जल्द वेतन देने की मांग रखी। इसके साथ ही चेतावनी भी दी कि जब तक कर्मचारियों को उनका वेतन नहीं मिल जाता, तब तक वे दो घंटे हड़ताल करेंगे। मेडिकल कॉलेज सेनीटेशन सर्विस सुविधा के प्रभारी सुबोध पाठक ने स्वास्थ्य मंत्री को बताया कि वेतन न मिलने से कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उधार पर राशन लेकर कर्मचारी परिवार का भरण पोषण कर रहे हैं। इतना ही नहीं सफाई कर्मचारियों को बच्चों की स्कूल फीस भरने की चिंता सताने लगी है। क्योंकि उनके पास राशन लेने के लिए पैसे खत्म हो चुके हैं। तो ऐसे में बच्चों की फीस को पैसे कहां से लाएंगे। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से गुहार लगाई है कि सफाई कर्मचारियों को जल्द उनका वेतन दिया जाए। इसको लेकर स्वास्थ्य मंत्री ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही उन्हें वेतन मुहैया करवाया जाएगा।