अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। चंबा से कलौता के लिए परिवहन निगम की बस सेवा जल्द शुरू होगी। चंबा के विधायक पवन नैयर ने यह बात शनिवार को पलूहीं पंचायत के तहत कलौता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही। निगम प्रबंधन को इस बारे में जल्द कदम उठाने के लिए कहा गया है। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिया कि इलाके में पेयजल की किल्लत के समाधान और अधिक गांवों को संपर्क सड़कों की सुविधाओं से जोड़ने को लेकर विभागों के अधिकारियों को कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिन गांवों में बिजली की कम वोल्टेज की समस्या है, उसे भी नए ट्रांसफार्मर स्थापित करके दूर किया जाएगा। बिजली बोर्ड को पुराने बिजली के खंभों को बदलने के कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर अंजाम देने के निर्देश दिए हैं। पवन नैयर ने कहा कि सेवारत अप्रशिक्षित अध्यापकों के लिए डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजूकेशन के लिए डाइट सरू और राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंबा को नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग (एनआईओएस) का सेंटर स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि सेवारत अप्रशिक्षित अध्यापकों के लिए आयोजित होने वाले पर्सनल कांटेक्ट प्रोग्राम को लेकर भी निदेशक प्रारंभिक शिक्षा कों निर्देश जारी किए गए है कि अब पर्सनल कांटेक्ट प्रोग्राम के लिए सेवारत अप्रशिक्षित अध्यापकों को नजदीकी सेंटर भी मिल सकेगा। मगर परीक्षा में बैठने के लिए एनआईओएस के आवंटित सेंटर में ही जाना होगा।