चंबा। पीरियड बेसिस स्कूल टीचर यूनियन चंबा का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज और सदर विधायक पवन नैयर से मिला। प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई यूनियन के जिला प्रधान नरेंद्र रावत ने की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया। इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल ने जनप्रतिनिधियों को विभिन्न समस्याओं के बारे में भी अवगत करवाया। यूनियन के प्रधान नरेंद्र रावत ने बताया कि प्रदेश में 2500 एसएमसी शिक्षक सरकारी स्कूलों में सेवाएं दे रहे हैं। सभी एसएमसी अध्यापक आरएंडपी नियमानुसार आरटीई के लिए जरूरी सभी शैक्षणिक योग्यता टेट आदि को पूरा करते हैं। साथ ही सभी एसएमसी शिक्षकों की नियुक्तियां शिक्षा उपनिदेशकों की अनुमति पर उपमंडलाधिकारियों की अध्यक्षता में नियुक्त कमेेटी ने की है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के दुर्गम स्कूलों में सेवाएं दे रहे हैं। संघ ने सरकार से मांग की है कि सभी एसएमसी शिक्षकों को उनके ज्वाइनिंग तिथि से पहले के सेवाकाल को जोड़कर अनुबंध पॉलिसी के तहत भविष्य सुरक्षित किया जाए। संघ का कहना है कि पूर्व की कांग्रेस सरकार ने एसएमसी शिक्षकों को स्थायी नीति बनाने के नाम पर छला है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने नीति बनाने का आश्वासन दिया था। मगर पूर्व सरकार शिक्षकों को राहत प्रदान नहीं की। ऐसे में अब प्रदेश की भाजपा सरकार से शिक्षकों को उम्मीदे बंध गई हैं। इस मौके पर खंड इकाई चंबा के प्रधान विवेक, महासचिव हंसराज, कोषाध्यक्ष छिंदू, अमित, नितिन, विपिन, संजीव, अनूप कुमार, विनोद कुमार और मनीष शर्मा मौजूद रहे।