अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। शहर के धड़ोग मोहल्ला में नियमित रूप से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है। इस वजह से मोहल्ले में गंदगी का आलम है। हालत यह है कि कूड़ा सड़कों पर बिखरा रहता है। कूड़ेदान में जगह न होने के कारण लोग अपने घरों का कूड़ा मजबूरन सड़क पर फेंक रहे हैं। हालांकि मोहल्लावासी कूड़े की समस्या को लेकर कई बार नप को अवगत करवा चुके हैं। मगर अभी तक इस समस्या का निदान नहीं हो पाया है। चमन सिंह, योगेश कुमार, चैन लाल, महिंद्र सिंह, रूप लाल, देवी प्रसाद, हंसराज, मान सिंह और प्रेम कुमार ने बताया कि सड़क पर कूड़े के ढेर होने से मक्खी-मच्छरों के पनपने का खतरा पैदा हो गया है। ऐसा होने पर मोहल्ले के छोटे बच्चों सहित अन्य लोग बीमारी की चपेट में आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिन ठेकेदारों को शहर की सफाई का ठेका दिया गया है। वह साफ-सफाई का कार्य सही ढंग से नहीं कर रहे हैं। ऐसे ठेकेदारों के खिलाफ नप को कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन और नप से मांग की है कि धड़ोग मोहल्ला से कूड़े के ढेर को साफ करवाया जाए। नप अध्यक्ष नीलम नैयर ने बताया कि उनके ध्यान में यह मामला नहीं है। जल्द ही धड़ोग मोहल्ला से कूड़े के ढेर को साफ करवा दिया जाएगा। साथ ही ठेकेदार को नियमित सफाई करने के निर्देश दिए जाएंगे।