अमर उजाला ब्यूरो
तीसा(चंबा)। तीसा उपमंडल के बाजारों में झोलाछाप डॉक्टर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र के सभी बाजारों में झोलाछाप डॉक्टर बिना लाइसेंस के लोगों को दवाईयां दे रहे हैं। हालांकि, इस बारे लोग कई बार स्वास्थ्य विभाग से शिकायत कर चुके है। मगर अभी तक इस बारे में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जानकारी के अनुसार तीसा उपमंडल के झज्जाकोठी, सनवाल, देहग्रां, टिकरीगढ़, चांजू, चरड़ा, बैरागढ़ और टिकरीगढ़ में झोलाछाप डॉक्टरों मरीजों को ईलाज कर रहे हैं। इन क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव होने के कारण लोग इन झोलाछाप डॉक्टरों के झांसे में आते हैं। पूर्ण चंद, देसराज, राजू राम, विशाल कुमार, ध्यान सिंह, मोहन सिंह, राजेश कुमार, परविंद्र कुमार, लोकेश कुमार, सुरेंद्र कुमार, कल्याण सिंह, दिवान चंद, जीवन सिंह, कुलदीप कुमार और उमेश कुमार ने बताया कि झोलाछाप डॉक्टर कभी भी लोगों के स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकते हैं। मगर इस बारे में स्वास्थ्य विभाग कोई पहल करता नजर नहीं आ रहा है। झोलाछाप डॉक्टर यहां खूब चांदी कूट रहे हैं। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से आग्रह किया है कि जल्द से जल्द झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। ताकि कोई भी झोलाछाप डॉक्टर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ ना कर सके। बीएमओ जसवंत सिंह का कहना है कि उनके पास भी इस संदर्भ में शिकायतें पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम दबिश देकर झोलाछाप डाक्टरों पर शिकंजा कसेगी।