जिले में जल्द शुरू होगी मोबाइल हेल्थ यूनिट
दूरदराज के लोगों को घर-द्वार पर मिलेगी स्वास्थ्य सुविधाएं : उपायुक्त
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। मोबाइल हेल्थ यूनिट जिले में जल्द कार्यशील होगी। इससे विशेष कर जिले के दूरदराज के लोगों को मोबाइल हेल्थ यूनिट के जरिये स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। उपायुक्त हरिकेश मीणा ने शुक्रवार को मोबाइल हेल्थ यूनिट स्थापना से जुड़ी प्रगति की समीक्षा करने के बाद यह बात कही। उन्होंने बताया कि इस मोबाइल हेल्थ यूनिट में डॉक्टर समेत कुल 6 लोगों की टीम न केवल लोगों के स्वास्थ्य की जांच करेगी बल्कि उन्हें निशुल्क दवाइयां भी मिलेंगी। उन्होंने कहा कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी को मोबाइल हेल्थ यूनिट के लिए वाहन की खरीद करने से जुड़ी औपचारिकताएं शुरू करने के लिए निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि यूनिट के जरिये लोगों को कुछ बेसिक टेस्ट करवाने की भी सहूलियत मिलेगी। मोबाइल हेल्थ यूनिट के संचालन में जिला रेडक्रॉस सोसायटी का भी सक्रिय सहयोग रहेगा। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. युक्तिधर शर्मा के अलावा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और रेडक्रॉस सोसायटी सचिव नीना सहगल भी मौजूद रहीं।