अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। स्कूल प्रबंधन समिति पांगी की बैठक लोक निर्माण विभाग साच विश्राम गृह में हुई। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा ने की। बैठक में समस्त एसएमसी शिक्षकों ने उपस्थिति दर्ज करवाई। बैठक में शिक्षकों ने समस्याओं और मांगों को लेकर चर्चा की। इसके साथ ही आगामी रणनीति तैयार की। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों और सदस्यों ने बताया कि वह दुर्गम क्षेत्रों से ईमानदारी से अपनी ड्यूटी निभा रहे है।
मगर अभी तक सरकार ने एसएमसी शिक्षकों के लिए कोई नीति नहीं बनाई है। इसके चलते एसएमसी शिक्षकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शिक्षकों का कहना है कि वह पिछले काफी समय से इस बारे में सरकार से आग्रह कर रहे है। मगर अभी तक कोई सकारात्मक पहल नहीं हो पाई है। स्कूल प्रबंधन समिति शिक्षकों ने सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द स्कूल प्रबंधन शिक्षकों के लिए स्थायी नीति बनाई जाए। ताकि उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत न पेश आए। बैठक में अध्यक्ष ने बताया कि सरकार के समक्ष उक्त मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। ताकि एसएमसी शिक्षकों को राहत मिल सके। बैठक में मंगल सिंह, लालचंद, संतोष कुमार, देवराज, इंद्र जीत और विक्रम मौजूद रहे।