लुड्डू स्कूल के होनहारों को किया सम्मानित
धूमधाम से मनाया गया वार्षिक समारोह
सदर विधायक ने सम्मानित किए मेधावी
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लुड्डू में शुक्रवार को वार्षिक समारोह का आयोजन किया गया। सदर विधायक पवन नैयर ने समारोह में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। जबकि, पंचायत प्रधान और एसएमसी अध्यक्ष विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की शुरुआत मुख्यातिथि ने दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। इसमें छात्रों ने पहाड़ी, पंजाबी गीतों पर नृत्य कर दर्शकों का मनोरंजन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद स्कूल के कार्यकारी प्रधानाचार्य रमेश शर्मा ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट मुख्यातिथि और अभिभावकों के समक्ष रखी। इसमें उन्होंने स्कूल की वर्ष भर की उपलब्धियों और गतिविधियों को सार्वजनिक किया। समारोह के मुख्यातिथि विधायक पवन नैयर ने सर्वप्रथम स्कूल प्रबंधन को समारोह के सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई दी। इसके साथ ही बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद जैसी गतिविधियों में भी आगे आने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में स्कूल के मेधावी छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।