अमर उजाला ब्यूरो
सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी की आधा दर्जन पंचायतों को सड़क सुविधा से जोड़ने वाली सलूणी-किलोड़ सड़क की हालत दयनीय हो चुकी है। इसकी वजह यह है कि सलूणी से किलोड़ 14 किमी सड़क की बीस सालों से एक बार भी रिपेयर नहीं हुई है। इसके कारण आधा दर्जन पंचायतों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को पूर्व बीडीसी सदस्य दिनेश कुमार की अगुवाई में ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल एसडीएम सलूणी एसके पराशर से मिला। इसमें ग्रामीणों ने उपरोक्त सड़क की हालत को सुधारने की मांग रखी। ग्राम पंचायत सलूणी, सूरी, किलोड़, खरल, खरोटी और दरेकड़ी में रहने वाली आठ हजार की आबादी को सड़क सुविधा का लाभ नहीं मिल रहा है। हालांकि पंचायतों के लिए बीस पूर्व 14 किमी लंबी सड़क बनी थी। इसकी एक बार भी रिपेयर नहीं हुई। इसके चलते सड़क की हालत काफी खस्ता हो चुकी है। सड़क पर गड्ढों की भरमार हो चुकी है। वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण राजेश, मनोज कुमार, सुनील, सुरेंद्र, मान सिंह, टेक चंद, योगराज, कमल कुमार, रविंद्र और जितेंद्र ने बताया कि सड़क को रियासत काल में बनाया गया था। मगर विभाग और प्रशासन ने सड़क की सुध लेना जरूरी नहीं समझा। इसके चलते आज सड़क की हालत दयनीय हो चुकी है। कोई भी वाहन चालक गाड़ी को लेकर सड़क में नहीं जाता। इसकी वजह से लोगों को एंबुलेंस सुविधा भी नहीं मिल रही है।
इनसेट
सड़क सुधारने के दिए निर्देश: एसके पराशर
एसडीएम एसके पराशर ने बताया कि लोनिवि के अधिशाषी अभियंता को सड़क की हालत सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि ग्रामीणों को सड़क सुविधा का लाभ मिल सके।