अनियमितताओं की जांच को भेजा ज्ञापन
चंबा। चंबा बस स्टैंड के निर्माण में बरती अनियमितताओं को लेकर चंबा जनहित संगठन ने प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा है। संगठन ने प्रधानमंत्री से बस स्टैंड निर्माण की जांच की मांग की है। संगठन के जिला संयोजक एसएल शर्मा ने बताया कि चंबा में निम्न स्तरीय बस स्टैंड का निर्माण किया गया है। इसका चंबावासियों को कोई लाभ नहीं मिल रहा है। लोगों को बस में सफर करने के लिए भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। जिस स्थान पर बस स्टैंड बनाया गया है, वहां तक पहुंचने में सवारियों को काफी परेशानी हो रही है। यह स्थान शहर से काफी दूरी पर स्थित है। इतना ही नहीं, नया बस स्टैंड रावी तट के मुहाने पर बनाया गया है। यहां पर कभी भी कोई अप्रिय घटना हो सकती है। रावी नदी किसी भी समय अपना विकराल रूप धारण कर सकती है। इसके उदाहरण चंबा वासी पहले भी कई बार देख चुके हैं। इसलिए चंबा के नए बस स्टैंड का निर्माण भरमौर चौक के पास होना चाहिए, जहां पर बस स्टैंड पहले भी प्रस्तावित था लेकिन राजनितिक लाभ देने के चक्कर में बस स्टैंड को कसाकड़ा में बनाया गया।