अमर उजाला ब्यूरो
खज्जियार (चंबा)। पर्यटन स्थल खज्जियार में मंगलवार को आधा इंच तक बर्फबारी हुई है। बर्फबारी से पूरे क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहीं बर्फबारी की उम्मीद लेकर यहां पहुंचे पर्यटक भी खुशी से झूम उठे। इसके साथ ही क्षेत्र में बिजली की आंखमिचौनी का खेल भी शुरू हो गया है। इससे ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार को जैसे ही खज्जियार में बर्फबारी शुरू हुई तो बिजली गुल हो गई। दिन भर बिजली की आंखमिचौनी जारी रही। उन्होंने बताया कि अगर ज्यादा बर्फबारी होती है तो फिर से बिजली गुल हो जाएगी। वहीं, दूसरी तरफ रठियार, गेट और डुगली में अभी तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। इसके चलते ग्रामीणों में काफी रोष है। दविंद्र कुुमार, दलीप सिंह, राकेश कुमार, बिंदू राम, सन्नी कुमार, प्रताप चंद, रोशन लाल, रत्न सिंह, कल्याण सिंह, पृथी चंद, राजेश कुमार, नेक सिंह और देसराज ने बताया कि इलाके में बर्फबारी शुरू होने के कारण काफी ठंड बढ़ती जा रही है। उन्होंने बताया कि इस बार काफी हिमपात हुआ है। ऐसे में ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ती जा रही है। लोगों ने बताया कि बिजली की आंखमिचौनी के कारण वह ठंड में हीटर भी नहीं सेंक पा रहे हैं। ग्रामीणों ने बिजली बोर्ड से मांग की कि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेहतर की जाए। जिससे हल्की बर्फबारी के कारण बिजली की समस्या उत्पन्न न हो।