चंबा और जम्मू-कश्मीर के लोगों ने मिलकर मनाया सायर उत्सव
गढ़ माता मंदिर में आयोजित जातर मेले में दोनों क्षेत्रों के लोगों ने की शिरकत
जम्मू से डोडा के विधायक और चंबा के भाजपा जिला अध्यक्ष रहे मुख्यातिथि
अमर उजाला ब्यूरो
सलूणी (चंबा)। जम्मू कश्मीर और हिमाचल के बॉर्डर में स्थापित गढ़ माता मंदिर में सोमवार को जातर मेले का आयोजन हुआ। इसमें जम्मू और हिमाचल से आए बीस हजार श्रद्धालुओं ने अपनी मौजूदगी दर्ज करवाई। जातर मेले में जम्मू की ओर से डोडा के स्थानीय विधायक परिहार सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। जबकि हिमाचल की ओर से भाजपा जिला अध्यक्ष डीएस ठाकुर मुख्यातिथि रहे। जातर मेला आयोजन कमेटी की ओर से दोनों मुख्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। जातर मेले के दौरान लोगों ने मक्की की फसल का एक हिस्सा माता के चरणों में चढ़ाया। ताकि उनकी फसल की पैदावार भविष्य में भी अच्छी रहे। जातर मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इसमें जम्मू और हिमाचल के कलाकारों ने प्रस्तुति दी। जम्मू की खेम एंड पार्टी और हिमाचल की जगदीश एंड पार्टी ने अपने-अपने राज्य की संस्कृति को पेश किया। इसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा। गढ़ जोत माता कमेटी के महासचिव दर्शन सिंह ने बताया कि गढ़ माता मंदिर में हर वर्ष सायर उत्सव के दौरान जातर मेले का आयोजन किया जाता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी जातर मेले का आयोजन हुआ। इसमें जम्मू और हिमाचल के लोगों ने भारी संख्या में पहुंच उपस्थिति दर्ज करवाई।