सेरकाऊ नाले में भूस्खलन से धंसी सड़क, दो बसें फंसीं
लोनिवि की टीम ने मौके पर जाकर लिया सड़क क्षति का जायजा
अमर उजाला ब्यूरो
भरमौर (चंबा)। भरमौर-चौबीया-सेरकाऊ मार्ग रविवार रात तेज बारिश के कारण भूस्खलन होने से बंद हो गया है। मार्ग अवरुद्ध होने से दो बसें चौबीया में फंस गई हैं। मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना मिलते ही लोनिवि की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने सड़क को यातायात के लिए बहाल करने का कार्य तो शुरू कर दिया है। मगर सड़क का एक भाग ढह जाने से इसे बहाल करने में समय लगेगा। मार्ग बंद होने से ग्रामीणों को वाहन सुविधा का लाभ नहीं मिल पाया। इस वजह से लोगों को पैदल ही आवाजाही करनी पड़ रही है। चौबीया से भरमौर की दूरी तीस किमी है। इसे तय करने में लोगों को भारी परेशानी पेश आ रही है। चौबीया में एक सरकारी और एक निजी बस फंस गई है। जबकि भरमौर से भी चौबीया के लिए बसों की आवाजाही नहीं हो पाई है। चौबीया पंचायत की प्रधान चंचलो देवी ने बताया कि मार्ग पर भूस्खलन होने से मार्ग यातायात के लिए अवरुद्घ हो गया है। मार्ग बंद होने की सूचना संबंधित विभाग को दे दी गई है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और लोनिवि से मांग की कि उपरोक्त मार्ग को जल्द ही यातायात के लिए बहाल किया जाए।