मंगली पंचायत के चार गांवों में आठ दिनों से बिजली सप्लाई बंद
1500 परिवारों को रात के अंधेरे में काटनी पड़ रही रातें
छात्रों को रात के समय बिना रोशनी पढ़ाई करने में हो रही परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
तीसा (चंबा)। ग्राम पंचायत मंगली के चार गांवों में पिछले आठ दिनों में बिजली सप्लाई बाधित पड़ी है। इस वजह से लोगों को रातें अंधेरे में काटनी पड़ रही हैं। हालत यह है कि बिजली सप्लाई बाधित होने से लोगों का जनजीवन बुरी तरह से अस्तव्यस्त हो गया है। इसके बावजूद अभी तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली बोर्ड को समस्या से अवगत करवाने पर भी अभी तक समस्या का कोई हल नहीं निकल पाया है। इसकी वजह से ग्रामीण काफी परेशान हैं। विद्यार्थी रात के समय पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। इसके साथ ही महिलाओं को घरेलू कार्य निपटाने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। बिजली सप्लाई बाधित होने की वजह ट्रांसफार्मर खराब होना बताया जा रहा है। इसकी वजह से थदून, मंगली, मजोर और भोड़ात गांव में बिजली सप्लाई बंद पड़ी है। पंचायत की उपप्रधान नार देई और ग्रामीण किशोरी लाल, देवी राम, सुनील, हंसराज, कर्म सिंह, लाल चंद, मंजीत कुमार और सुरेंद्र ने बताया कि चार गांव में 1500 परिवार रहते हैं। जो कि पिछले आठ दिन से बिजली सप्लाई न होने के कारण दिक्कतें झेलने को मजबूर हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और बिजली बोर्ड से मांग की कि ग्रामीणों की समस्या का जल्द समाधान किया जाए। गांव में बंद पड़ी बिजली सप्लाई को जल्द बहाल करवाया जाए। वहीं, बोर्ड के सहायक अभियंता रोशन लाल ने बताया कि उनके ध्यान में यह मामला अभी लाया गया है। जल्द ही बोर्ड कर्मचारी भेजकर खराब ट्रांसफार्मर को ठीक करवाया जाएगा।