अमर उजाला ब्यूरो
चंबा।
शिक्षा की अलख जगा रहे प्रेरकों को जुलाई 2016 महीने से वेतन नहीं मिला है। इस मसले को लेकर प्रेरकों का एक प्रतिनिधिमंडल वीरवार को सहायक आयुक्त संजय धीमान से मिला। प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई प्रेरक संघ के प्रधान अयूब खान ने की। प्रतिनिधिमंडल ने अपनी समस्याओं को सहायक आयुक्त के समक्ष रखा। जल्द से जल्द वेतन की अदायगी करने की मांग की। प्रधान अयूब खान ने बताया कि जिले की 283 पंचायतों में तैनात शिक्षा प्रेरकों को जुलाई 2016 से मानदेय नहीं मिला है। प्रेरक डेढ़ साल से मानदेय का इंतजार कर रहे हैं। मानदेय नहीं मिलने से उन्हें परिवार का पालन पोषण करने में परेशानी आ रही है। प्रेरकों को बच्चों के भविष्य की चिंता सता रही है। उन्होंने कहा कि प्रेरक पूरी ईमानदारी के साथ पंचायतों में खुले लोक मित्र केंद्रों पर सेवाएं दे रहे हैं मगर कार्य करने के बावजूद उन्हें डेढ़ वर्ष से मानदेय नहीं मिला है। प्रेरकों को मजदूरों से भी कम दिहाड़ी (66) रुपये दी जा रही है। प्रेरकों ने गुहार लगाई है कि वेतन की अदायगी जल्द से जल्द की जाए। सरकार से मांग की है कि प्रेरकों के वेतन की बढ़ोतरी की जाए ताकि उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत न पेश आए।
000